दिल्ली शिरोमणी अकाली दल ने भाजपा के साथ संयुक्त सभी पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। सोमवार को अकाली दल की कोर कमेटी की बैठक यह निर्णय लिया गया।
कोर कमेटी की बैठक के बाद हरमीत सिंह कालका ने बताया कि दिल्ली भाजपा से गठबंधन तोड़ दिया गया है। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा व एनडीए से गठबंधन तोड़ने का ऐलान किया है। इसके बाद दिल्ली इकाई ने बैठक में फैसला किया है कि जो भी पद भाजपा के साथ संयुक्त हैं, उन सभी को समाप्त करते हुए पार्टी के सभी नेता और वर्कर अपने-अपने पद से इस्तीफा देंगे। उन्होंने बताया कि मनप्रीत कौर कालका ने दक्षिण दिल्ली नगर निगम में सौंपी गई उप चेयरपर्सन की जिम्मेदीरी से सोमवार इस्तीफा दे दिया है।
कालका ने कहा कि नेताओं ने अपने स्तर पर इस्तीफा देना है। शिरोमणि अकाली दल का भाजपा के साथ कोई गठबंधन अब नहीं है और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के फैसले के अनुसार अब आगे का राजनीतिक सफर अकेले ही तय करेंगे। कोर कमेटी की बैठक में कालका के इलावा कमेटी सदस्य एमपी.एस चड्ढा, हरविंदर सिंह केपी, गुरदेव सिंह भोला, रविन्द्र सिंह खुराना, बीबी रणजीत कौर, हरिंद्रपाल सिंह, अमरजीत सिंह पप्पू, विक्रम सिंह रोहिणी, भुपिंद्र सिंह भुल्लर, भुपिंद्र सिंह आनंद, परमजीत सिंह चंढोक मौजूद थे। शिरोमणि अकाली दल दिल्ली इकाई के संरक्षक अवतार सिंह हित और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा आनलाईन वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से इस बैठक में मौजूद रहे।