नई दिल्ली। दिल्ली एम्स के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र नाथ पांडेय की शुक्रवार रात कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमित हैं और एम्स के न्यू प्राइवेट वार्ड में भर्ती हैं।
डॉ. विजय गुर्जर ने बताया कि डॉ. पांडेय कुछ ही दिन पहले कोरोना संक्रमित हुए थे। हालांकि उनमें संक्रमण का हल्का असर था। दिल्ली के सिद्घार्थ नगर एन्क्लेव स्थित घर पर ही उन्होंने खुद को आइसोलेट किया हुआ था। 78 वर्षीय डॉ. पांडेय वर्तमान में सीताराम भरतिया अस्पताल में तैनात थे। अस्पताल की ओर से भी मरीजों को जानकारी दी गई है कि डॉ. पांडेय का निधन होने की वजह से उनका उपचार डॉ. मयंक उप्पल और डॉ. कार्तिकेय कोहली की निगरानी में किया जाएगा। चिकित्सा क्षेत्र में करीब 57 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. पांडेय ने एम्स से ही एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई करने के बाद चिकित्सीय सेवा शुरू की थी। मशहूर अभिनेता राज कपूर, पूर्व केंद्रीय मंत्री रंगराजन सहित कई बड़ी हस्तियों का उपचार करने वाले डॉ. जितेंद्र नाथ पांडेय एम्स के मेडिसिन विभाग के पूर्व अध्यक्ष थे। लगातार कई वर्षों तक डॉ. पांडेय भारत के राष्ट्रपति के चिकित्सक भी रहे। उनके निधन पर शनिवार को एम्स के डॉक्टरों ने श्रद्घांजलि दी।
प्रदूषण को लेकर सबसे पहले किए थे अध्ययन
वायु प्रदूषण का मानव शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर डॉ. पांडेय ने ही सबसे पहले 90 के दशक में अध्ययन किया था। इसके अलावा गैस त्रासदी घटना में भी डॉ. पांडेय चिकित्सीय टीम में शामिल थे। अब तक 170 से ज्यादा चिकित्सीय शोध पत्र उनके नाम से प्रकाशित हो चुके हैं।
------
दिल्ली में दूसरी मौत
दिल्ली में 30 से ज्यादा अस्पतालों में 500 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। हालांकि इनमें से अब तक दो की मौत हुई है। शुक्रवार को एम्स के मेस कर्मचारी ने कोरोना के चलते दम तोड़ दिया। जबकि रात को डॉ. पांडेय ने अंतिम सांस ली।