प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की दखल और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के बार बार औचक निरीक्षण की बदौलत दिल्ली एम्स में पहली बार मरीजों के लिए बड़ा बदलाव हुआ है। अब एम्स में साढ़े पांच घंटे रक्त और रेडियोलॉजी जांच के लिए तीन घंटे का अतिरिक्त समय बढ़ा दिया है जिसके चलते एम्स में जांच को लेकर मरीजों के लिए काफी सहूलियत आगामी दिनों में देखने को मिल सकती है।
एम्स प्रबंधन के अनुसार अब नई और पुरानी दोनों ही ओपीडी में सोमवार से शुक्रवार मरीज सुबह आठ से शाम साढ़े तीन बजे तक रक्त जांच के लिए नमूना दे सकते हैं। अभी तक यह सुविधा सुबह आठ से 10.30 बजे तक थी। एम्स के लैब मेडिसिन की तरफ से इस सुविधा की शुरुआत की सूचना 13 सितंबर को ही प्रशासन को दे दी गई थी, जिस पर प्रशासन ने सर्कुलर जारी कर सभी विभागों को सूचित कर दिया है। इस बदलाव की एक वजह एम्स का स्मार्ट लैब है, जिसकी वजह से लैब डिपार्टमेंट की रोजाना जांच करने की क्षमता पहले की तुलना में तीन से चार गुणा बढ़ गई है।
एम्स की ओपीडी में अक्सर मरीजों को परेशानी होती थी। समय निकलने के बाद मरीजों को अगले दिन दोबारा आकर नमूना देना पड़ता था जिसकी वजह से उन पर आर्थिक बोझ भी पड़ता था। इस बारे में डॉक्टरों से लेकर प्रबंधन तक सभी को जानकारी दी थी लेकिन कभी भी सुधार नहीं किया गया। हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री ने जब इस पर जोर दिया तो प्रबंधन के अधिकारी भी बदलाव में जुट गए।
रक्त जांच के अलावा अब एम्स में रेडियोलॉजी की जांच भी रात आठ बजे तक होगी। अभी तक यह सुविधा सुबह 8 से शाम पांच बजे तक थी लेकिन नए मरीजों को ओपीडी में फाइल बनवाने के लिए ही शाम तक रुकना पड़ता था जिसकी वजह से अल्ट्रासाउंड, एमआरआई जैसी जांच के लिए मरीजों को फिर से आना पड़ता था।
यहां दे सकेंगे नमूना
अब एम्स में दो जगह रक्त जांच के लिए नमूना दे सकते हैं। पहला ओल्ड राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी और दूसरा न्यू राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी बिल्डिंग है। जो जांच सुबह खाने से पहले की जानी चाहिए उसके लिए मरीजों को सुबह 8 से 11.30 बजे तक का समय रखा है। हालांकि शनिवार के लिए जांच का समय सुबह 8 से दोपहर एक बजे तक ही रहेगा।