नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने विदेशी मुद्रा की तस्करी के आरोप में एक अफगानी नागरिक को पकड़ा है। उसके कब्जे से पचास हजार सऊदी रियाल मिले हैं, जिसकी कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए अफगानी नागरिक को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया है। विभाग के अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता अपूर्व पांडेय ने बताया कि 16 जून को आईजीआई एयरपोर्ट पर तैनात सर्विलांस और इंटेलिजेंस टीम ने टर्मिनल तीन पर एक विदेशी नागरिक को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। शक होने पर यात्री को हिरासत में लेकर उसके बैग की तलाशी ली गई। उसमें से पचास हजार सऊदी रियाल मिला। यात्री की पहचान अफगानी नागरिक रोहानी नकीबुलाह के रूप में हुई। वह काबुल जाने के लिए एयरपोर्ट आया था। यात्री विदेशी मुद्रा के बारे में पूछे जाने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। उसके बाद यात्री को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया।