फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने दूसरे के नाम पर गोवा जाने के लिए ग्यारह हजार के हवाई टिकट पर यात्रा करने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले मामा-भांजे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले साइबर कैफे के मालिक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौजपुर निवासी मोहम्मद इस्तियाक, कबीर नगर निवासी समीर खान और वेलकम निवासी मुनीश के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 28 फरवरी की शाम चार बजे गोवा जाने के लिए एक यात्री दिल्ली हवाई अड्डा पहुंचा। उसे इंडिगो एयरलाइंस से दिल्ली से गोवा जाना था। सुरक्षा जांच के दौरान उसने अपना नाम दानिश अब्बास बताया। उसने मोबाइल फोन में आधार कार्ड की कॉपी दिखाकर टर्मिनल परिसर में घुसने की कोशिश की। उसकी आईडी पर अधिकारियों को कुछ शक हुआ। यात्री को पकड़ कर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना असली नाम मोहम्मद इस्तियाक बताया। उसने बताया कि उसके भांजे समीर ने अपने दोस्त दानिश अब्बास के साथ गोवा जाने के लिए टिकट बुक किया था। दानिश के जाने से मना करने पर वह टिकट के पैसे बचाने के लिए उसके नाम के आधार कार्ड कर उसका फोटो लगवा दिया। पुलिस ने फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर मोहम्मद इस्तियाक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अनपढ़ है और सीलमपुर इलाके में ई-रिक्शा चलाता है।