आयुष्मान आरोग्य मंदिर सहित दूसरे स्वास्थ्य संस्थानों की सुविधाओं का होगा निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी के लिए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने समिति गठित की है। इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्कूल हेल्थ क्लीनिक, मोबाइल हेल्थ क्लीनिक सहित दूसरे संस्थानों का औचक निरीक्षण के जरिए प्रशासनिक और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा।
इस संबंध में महानिदेशालय ने आदेश जारी किया है। निदेशालय ने चार सदस्यों की समिति गठित की है। यह समिति महानिदेशालय के अधीन आने वाले सभी कार्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली व सेवाओं की निगरानी करेगी। इसमें प्रशासनिक कार्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों की सूची तैयार करना, निर्धारित व आकस्मिक निरीक्षण करना और मरीजों की देखभाल की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन की समीक्षा करना शामिल है। इसके अलावा समिति मानव संसाधन, आवश्यक दवाओं, डायग्नोस्टिक्स, आईटी उपकरणों और अन्य महत्वपूर्ण संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा करेगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों के समय पालन, उपस्थिति और सेवा गुणवत्ता से जुड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी की जाएगी। समिति को प्रति माह कम से कम दो निरीक्षण करने होंगे और छह माह का निरीक्षण कार्यक्रम अग्रिम रूप से प्रस्तुत करना होगा।