नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के केस लगातार कम हो रहे हैं। 8 माह बाद संक्रमण के सबसे कम 295 केस मिले हैं, जबकि 10 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले 18 मई को 299 संक्रमित मरीज मिले थे।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले एक दिन में 295 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि 427 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। बृहस्पतिवार को 66921 नमूनों की जांच की गई। संक्रमण दर 0.44 फीसदी रही। इसी के साथ ही राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 631884 हो चुकी है। इनमें से 618357 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 10732 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में फिलहाल 2795 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 1275 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। कंटेनमेंट जोन की संख्या भी घटकर 2451 हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि राजधानी में भले ही संक्रमण दर फिलहाल एक फीसदी से भी कम हो लेकिन पिछले वर्ष मार्च से लेकर अब तक की स्थिति पर गौर करें तो 97.33 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है। इनमें से 6.49 फीसदी संक्रमित मिले हैं। 1.70 फीसदी संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।