तीन दिन बाद एक बार फिर दिल्ली में कोरोना संक्रमण के नए मामले बढ़े हैं। वहीं इसके चलते संक्रमण दर में भी इजाफा देखने को मिला है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 57 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले यह संख्या बीते 11 सितंबर को भी दर्ज की गई थी। विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में किसी भी मरीज की कोरोना संक्रमण से मौत नहीं हुई है।
विभाग के अनुसार पिछले एक दिन में 74,199 सैंपल की जांच में 0.08 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं इस दौरान 53 मरीजों को स्वस्थ घोषित किए गए। नए मामले अधिक होने की वजह से पिछले एक दिन में चार मामले सक्रिय मरीजों में भी बढ़े हैं।
इसी के साथ ही राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,38,345 हो गई, जिनमें से अब तक 14.12 लाख से अधिक मरीज इस बीमारी से उबर चुके हैं। वहीं 25,083 मरीजों की अब तक कोरोना वायरस जान ले चुका है।
इससे पहले बीते मंगलवार को एक दिन में 38 नए मामले सामने आए थे और किसी भी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई थी। उस दौरान दैनिक संक्रमण दर 0.05 फीसदी दर्ज की गई थी। इसी के साथ ही राजधानी में कुल सक्रिय मामले बढ़कर 404 हो चुके हैं जिनमें से 95 मरीजों का उनके घरों में उपचार चल रहा है। एक दिन पहले इन मरीजों की संख्या 98 थी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि तीन मरीजों की होम आइसोलेशन में अवधि पूरी होने के बाद उन्हें स्वस्थ घोषित कर दिया गया है। इसी के साथ ही पिछले दिन की तरह ही कंटेनमेंट जोन की संख्या 93 है।
तेजी से बढ़ता जा रहा है टीकाकरण
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 16 जनवरी से शुरू हुई टीकाकरण की कवायद के बाद से राजधानी में अब तक 1,53,36,113 लोग वैक्सीन ले चुके हैं जिनमें से 1.09 करोड़ से अधिक लोगों को एक खुराक मिली है। जबकि अन्य लोगों ने दोनों खुराक लेकर टीकाकरण पूरा कर लिया है।