राजधानी में कोरोना के दैनिक मामले इस साल रोजाना रिकॉर्ड बना रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 3594 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की है, जो करीब चार माह बाद एक दिन में अधिकतम मामले हैं। इससे पहले बीते साल 3 दिसंबर को 3734 संक्रमित मिले थे। बढ़ते मामलों के साथ इस दिन की संक्रमण दर भी बढ़कर 4.11 फीसदी हो गई है। सक्रिय मरीज भी करीब 12 हजार हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को 14 लोगों की मौत हुई और 2084 मरीजों को छुट्टी दी गई। 13 जनवरी के बाद ऐसा पहली बार है जब एक दिन में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या अब 6,68,814 हो गई हैं। इनमें से 6,45,770 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। रिकवरी दर घटकर 97.1 फीसदी हो गई है। कुल 11,994 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से मृत्युदर 1.65 फीसदी है और कुल संक्रमण दर 4.54 प्रतिशत है। सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 11994 हो गई है। इनमें से 2255 मरीज अस्पतालों में भर्ती है। कोविड केयर केंद्रों में 39 और होम आईसोलेशन में 6106 रोगियों का इलाज किया जा रहा है।
विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 87,505 लोगों की जांच की गई। आरटीपीसीआर तरीके से 54,898 और रैपिड एंटीजन से 32,607 टेस्ट हुए। अब तक 1करोड़ 47 लाख 41 हजार सैंपल की जांच हो चुकी है। कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 2338 हो गई है।एक दिन में 200 से ज्यादा रेड जोन बनाए गए हैं।