दिल्ली के रमेश नगर में कोरोना जांच कराते लोग।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण को मात देने के लिए सरकार के साथ-साथ हर वर्ग सहयोग कर रहा है। यह उसी का नतीजा है कि 10 दिनों से संक्रमितों के मुकाबले अधिक मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। रिकवरी दर भी बढ़कर करीब 91 फीसदी हो गई है। बीते 24 घंटे में राजधानी में 3098 स्वस्थ हुए और 2860 नए संक्रमित मिले। 39 रोगियों की मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3,03,693 हो गया है। इनमें से 2,76,046 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 5692 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल, 12609 मरीजों का घर पर इलाज चल रहा है। वहीं, कोविड अस्पतालों में 5235 मरीज भर्ती हैं। कोविड केयर केंद्र में 986 और हेल्थ सेंटर में 265 रोगी उपचाराधीन हैं।
एक दिन में 49135 जांच की गई। संक्रमण दर 5.82 फीसदी रही। प्रति 10 लाख की आबादी पर 18,55,22 टेस्ट हो रहे हैं। अब तक कुल 35,249,30 जांच की जा चुकी हैं। कंटेनमेंट जोन बढ़कर 2727 हो गए हैं। कुल मृत्युदर 1.87 फीसदी है।