सिविल सर्विसेज की तैयारी के
लिए जामिया में फ्री कोचिंग
पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, 25 जून तक किया जा सकता है आवेदन
- दिल्ली, श्रीनगर, जम्मू, लखनऊ और अन्य आठ शहरों में 7 जुलाई को होगी प्रवेश परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी की फ्री कोचिंग देने के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया है। छात्र 25 जून तक इस रेजिडेंशियल कोचिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 7 जुलाई को होगी। देशभर में 12 केंद्रों दिल्ली, श्रीनगर, जम्मू, लखनऊ, गुवाहाटी, जयपुर, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, पटना, बंगलूरू और त्रिवेंद्रम में इसका आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में एससी, एसटी, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को सिविल सर्विसेज (प्रारंभिक और मुख्य) की तैयारी के लिए हॉस्टल सुविधा के साथ कोचिंग दी जाती है। आवेदक 650 रुपये पंजीकरण शुल्क और बैंक शुल्क के साथ www.jmicoe.in वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा में ऑब्जेक्टिव टाइप और निबंध आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। रिजल्ट 30 जुलाई की शाम पांच बजे घोषित किया जाएगा। रिजल्ट के बाद साक्षात्कार 5 से 10 अगस्त तक होगा। फाइनल रिजल्ट 20 अगस्त को जारी किया जाएगा। कक्षाओं की शुरुआत तीन सितंबर से होगी। कोचिंग के लिए 150 सीटें निर्धारित हैं। इन सीटों पर जिन छात्रों का चयन होगा, उन्हें ही हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध होगी। रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी को यदि प्रतिभावान छात्र नहीं मिलते हैं तो सीटों की संख्या में कमी की जा सकती है।