नई दिल्ली। पांडव नगर के समसपुर गांव के पास एनएच-24 और एनएच-9 पर किसानें के बवाल के दौरान एक एसीपी समेत कुल 36 पुलिसकर्मी जख्मी हुए। घायलों को एलबीएस और हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। गनीमत रही कि कोई भी पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी नहीं हुआ। किसानों ने सार्वजनिक और निजी संपत्ति में तोड़फोड़ करने के अलावा लूटपाट और जानलेवा हमला भी किया।
पुलिस ने पांडव नगर थाने में घायल एसआई सोनू सिंह की शिकायत पर बलवा करने, लूटपाट, सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला, आपराधिक साजिश और महामारी अधिनियम समेत कुल 17 धाराओं में मामला दर्ज किया है। उन्होंने शिकायत में कहा कि सुबह करीब 11 बजे वे पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी पर थे। अचानक गाजीपुर की ओर से आए किसानों ने ट्रैक्टर से बैरिकेडिंग तोड़नी शुरू कर दी। रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस कर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। डंडों और तलवार से पुलिस पर हमला किया।
बवाल के दौरान आरोपियों दो डीटीसी बसों, 18 प्राइवेट वाहनों (टेंपो और ट्रक) को तोड़ दिया। इसके अलावा पुलिस कर्मियों से आंसू गैस के 12 गोले, मिर्च बम के 20 गोले लूट लिए। किसानों ने वहां खड़ी एक क्रेन पर भी कब्जा कर लिया। उसकी मदद से बड़े-बड़े पत्थरों को हटा दिया गया। बाद में क्रेन को अक्षरधाम के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।