यूपी गेट पर कार सवार चार युवकों ने थार गाड़ी को ओवरटेक कर उसमें सवार युवती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। युवकों ने गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। घायल युवती ने कौशांबी थाना पुलिस को शिकायत देकर गाड़ी तोड़ने, हमला करने और छेड़छाड़ का मुदकमा दर्ज कराया है।
युवती ने शिकायत में बताया कि रविवार को वह अपने अंकल की थार गाड़ी लेकर मेरठ से दिल्ली जा रही थी। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर छिजारसी के कार सवार युवकों ने नोएडा सेक्टर-62 के सामने से युवती का पीछा शुरू कर दिया। कई बार युवती की गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
यूपी गेट के पास युवकों ने युवती की गाड़ी को जबरन रोक लिया। इसके बाद गाड़ी से उतार कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। युवती का आरोप यह भी है कि यूपी गेट पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन घटना के दौरान कोई पुलिसकर्मी नहीं था।
शिकायत पर पुलिस यूपी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक कर रही है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि युवकों की पहचान कर ली है। गिरफ्तारी के लिए टीम को छिजारसी भेजा गया है।