- स्किल कनेक्ट 2026 के तहत पहला इंडस्ट्री अकादमिक कॉन्क्लेव का आयोजन सीएम श्री स्कूल में हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल डिग्री होल्डर तैयार करना नहीं, बल्कि युवाओं को हुनरमंद बनाना है। सरकार का लक्ष्य है कि युवा केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने यह बातें स्किल कनेक्ट 2026 के तहत पहले इंडस्ट्री अकादमिक कॉन्कलेव में कही। उन्होंने कहा कि अलग पहचान बनाने के लिए युवाओं के पास मजबूत स्किल और जुनून होना भी आवश्यक है।
दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित स्किल कनेक्ट 2026 के अंतर्गत पहला इंडस्ट्री अकादमिक कॉन्क्लेव का आयोजन सिविल लाइंस स्थित सीएम श्री स्कूल में किया गया। इसमें शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने छात्रों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया।
कॉन्क्लेव में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद् नीति-निर्माता तथा प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत 2,000 से अधिक नियोक्ताओं के माध्यम से 30,000 से अधिक इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इस अवसर पर उन्होंने इंटर्नशिप गियर फॉर स्टूडेंट और इंटर्नशिप साथी पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में पैनल चर्चाएं और अनुभव साझा सत्र भी आयोजित हुए जिसमें छात्रों और उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे विद्यार्थियों को केवल इंटर्नशिप ही नहीं बल्कि मेंटॉरशिप, एक्सपोजर के अवसर प्रदान करें। कार्यक्रम में रिलायंस ट्रेंड्स, मैकडॉनल्ड्स, डेकाथलॉन एलजी और टाटा क्रोमा जैसे प्रमुख संस्थानों ने भागीदारी की।