- वैलेंटाइन वीक में ज्यादा दामों पर बिक रहे गुलाब, बाजारों में ग्रीटिंग कार्ड की मांग बढ़ी
नितिन राजपूत
नई दिल्ली। इजहार-ए-मोहब्बत के लिए युवा जमकर उपहारों की खरीदारी कर रहे हैं। वैलेंटाइन सप्ताह की शुरुआत हो गई है, तो बाजार भी इन लम्हों को खास बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं। तरह-तरह के उपहारों से दुकानें सज गई हैं। वैलेंटाइन-डे को मनाने के लिए विशेषकर युवा जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में विभिन्न तरह के उपहार व ग्रीटिंग कार्ड्स मौजूद हैं।
उपहारों की दुकानों पर युवाओं की अधिक संख्या देखने को मिल रही है। इस सप्ताह को हर कोई अपने अंदाज से मनाने के लिए उत्साहित नजर आ रहा है। आईएनए, कनॉट प्लेस, खान मार्केट, लाजपत नगर, ग्रीन पार्क, हौज खास, पंजाबी बाग के साथ स्थानीय अन्य बाजार सजे हैं। यही नहीं, रेस्त्रां-होटल में भी रौनक बढ़ गई है। फूल विक्रेताओं ने भी गुलाब के साथ सूरजमुखी के फूलों की कीमत और स्टॉक बढ़ा दिया है। दुकानदारों का कहना है कि इस मौके पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
रोज-डे पर महंगे दाम पर बीके गुलाब
दिल और गुलाब का रिश्ता सदियों पुराना है। जिसके लिए बाजार पूरी तरह से गुलाब से गुलजार हो चुके हैं। आम दिनों के मुकाबले बंगाल, नासिक, पूणे से आने वाले गुलाब की कीमतों में इजाफा हुआ है। गुलाब जिसकी कीमत 20 रुपये है। एक गुलाब 80 से 100 रुपये तक बिक रहा है। उसी तरह से बुके की कीमत में 250 से बढ़कर 400 तक पहुंच गई है।
-
डिजिटल के जमाने में भी ग्रीटिंग कार्ड की अधिक मांग
डिजिटल के जमाने में भी कुछ युवाओं में ग्रीटिंग कार्ड्स लेने का खुमार देखने को मिल रहा है। ग्रीटिंग कार्ड्स खरीदने वाले युवाओं में 1990 दशक के अधिक लोग है। वह अपने बचपन के दिनों को भी इस अवसर पर याद कर रहे हैं। वह दुकानों में अधिकतर ग्रीटिंग कार्ड की मांग कर रहे हैं। इसमें अलग-अलग डिजाइन के ग्रीटिंग कार्ड्स मौजूद हैं। कनॉट प्लेस में उपहार बेच रहे दुकानदार विकास ने बताया कि वैलेंटाइन डे के लिए ग्रीटिंग कार्ड्स, टेडी बीयर,की-चेन, मूर्तियां फोटो फ्रेम, डायरी, कैलेंडर, मग समेत अन्य उपहार युवाओं को बेहद पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा म्यूजिकल कार्ड भी है, जो युवाओं को काफी ज्यादा पसंद आ रहे हैं। इन कार्ड की कीमत 100 रुपये से 800 रुपये तक हैं।
पार्टनर को स्पेशल गिफ्ट देने की तैयारी में जुटे युवा
सात फरवरी से शुरू होने वाले वैलेंटाइन सप्ताह की तैयारियों को लेकर बुधवार को शहर के बाजारों में खासा चहल-पहल दिखी। अपने पार्टनर को स्पेशल गिफ्ट देने को लेकर युवा तैयारी में लग गए हैं। लाल रंग जिसे प्यार का प्रतीक माना जाता है, उसकी मांग बढ़ गई है। सदर बाजार की गिफ्ट गैलरी से लेकर सूट और साड़ी के शोरूम तक लाल रंग की रोशनी से जगमग दिखे। गिफ्ट गैलरी संचालकों का कहना कि वैलेंटाइन वीक के लिए प्रेमी जोड़ों ने ऑर्डर देने शुरू कर दिए हैं।
बाजारों में मिल रहे रंग-बिरंगे टेडी बियर
अपने पार्टनर को अपनी पसंद के मुताबिक गिफ्ट देने के लिए वह खुद से डिजाइन करवा रहे हैं। कहीं पर काफी मग पर स्पेशल ऑफर है, तो कहीं पर टेडी बियर के नए-नए लुक लोगों को खासा आकर्षित कर रहे है। सदर बाजार स्थित गिफ्ट गैलरी के संचालक कुलदीप का कहना है कि युवाओं की पसंद और मांग के हिसाब से नए-नए गिफ्ट आइटम मंगवाए गए हैं। वह बताते है कि फरवरी का महीना आते ही टेडी बेयर की खरीदारी तेज हो जाती है। लोग अलग-अलग प्रकार के टेडी बेयर की मांग करते हैं। इसीलिए उनकी दुकान पर अलग-अलग रंग के दिल के आकार के टेडी बेयर भी मौजूद है।
-