पलवल में एक तरफाप्यार में युवक ने बंदूक दिखाकर युवती के प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज लूट लिए। आरोपी ने किसी और जगह शादी करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। सदर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव भिडूकी निवासी दीपक उसे बंदूक दिखाकर डराता है। आरोपी ने हथियार के बल पर उसकी दसवीं कक्षा की मार्कशीट व आधार कार्ड लूट लिए। आरोपी ने धमकी दी है कि उसकी शादी किसी अन्य स्थान पर नहीं होने देगा। युवती को उससे ही शादी करनी होगी। परिजनों ने शादी कहीं दूसरी जगह करने की कोशिश की तो परिवार को जान से खत्म कर देगा।
इतना ही नहीं आरोपी ने धमकी दी है कि जिस लड़के से तेरी शादी होगी, उसे व उसके परिवार को भी खत्म कर देगा। इलाके के बदमाशों के साथ उसकी दोस्ती है। आरोप है कि पीड़ित के घर के दो फोन नंबर है, जिन पर आरोपी फोन करता है और यदि परिवार का कोई भी सदस्य फोन उठा लेता है तो उसके साथ गाली-गलौज कर धमकी देता है। शिकायत में कहा गया है कि उसे न्याय दिलाया जाए और उसके लूटे हुए कागजातों को वापस दिलाया जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।