एक युवक ने नाबालिग लड़की से जबरन शादी रचा ली। आरोप है कि युवक ने शारीरिक संबंध भी बनाए। लड़की के रिश्तेदार ने चाइल्ड हेल्पलाइन संस्था से इसकी शिकायत की है। शिकायत मिलने पर संस्था ने दादरी पुलिस से मदद मांगी है।
घटना उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले की है। दादरी के कोतवाली इलाके के कोट गांव में मंगलवार को चाइल्ड लाइन संस्था की टीम जांच करने पहुंची। टीम के सदस्यों ने बताया कि कोट गांव के युवक ने बागपत की नाबालिग लड़की से शादी की थी। लड़की की मर्जी के खिलाफ शादी की गई है।
आरोप है कि लड़की को जबरन गांव में रखा जा रहा है। विरोध करने पर शारीरिक संबंध भी बनाए। पीड़ित लड़की ने कुछ दिन पहले इसकी सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन तब पंचायत कर लड़का पक्ष ने मामले को दबा दिया।
उसके बाद पीड़ित लड़की ने रिश्तेदार से मदद मांगी। रिश्तेदार ने चाइल्ड हेल्पलाइन को जानकारी दी। दादरी कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान का कहना है कि चाइल्ड लाइन टीम की मदद की जाएगी।