मूल रूप से कानपुर देहात के गांव धर्मपुर निवासी अंशुल (40) संजय कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी की बुआ का लडका मोहर सिंह भी घर के पास ही रहता है। दोनों संजय कॉलोनी की एक वर्कशाप में काम करते थे। करीब दस दिन पहले अंशुल की पत्नी बच्चों को साथ लेकर मायके चली गई। घर पर अंशुल व मोहर सिंह ही थे। मंगलवार रात अंशुल का दोस्त मनोज भी कमरे पर आ गया और तीनों शराब पीने लगे। कुछ देर बाद ही किसी बात को लेकर अंशुल व उसके साले मोहर सिंह की बहस होने लगी।
नशे में धुत्त होने के कारण कोई भी किसी की बात नहीं मान रहा था। गुस्से में आकर मोहर सिंह ने घर में पड़ा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर अपने जीजा अंशुल के पेट में घोंप दिया। इतने पर भी मोहर नहीं रुका उसने गर्दन व हाथ पर भी वार किए। घायल अंशुल खून से लथपथ हो कर जमीन पर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होना चाहते थे। सूत्रों के मुताबिक आरोपी मोहर को आसपास के लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
शराब पीने के दौरान हुई बहस के कारण हुई हत्या
शराब पीने के दौरान हुई बहस के कारण हत्या हुई है। फोरेंसिक की टीम ने मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा। -सुंदर सिंह, संजय कॉलोनी चौकी प्रभारी