ग्रेटर नोएडा के जेवर-झाझर रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर भाई के साथ बाइक पर जा रही एक युवती की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवती का भाई ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहा था और वह बाइक से नीचे गिर गई।
परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने बताया कि जेवर कोतवाली क्षेत्र के रन्हेरा निवासी प्रेमपाल का बेटा कालू बाइक से अपनी बहन पूनम (20) के साथ किसी काम से जेवर गया था।
वहां से काम निपटाने के बाद दोपहर को बाइक से ही दोनों बहन-भाई वापस अपने गांव के लिए लौट रहे थे। जब वह जेवर-झाझर रोड पर भट्टा के पास पहुंचे तो उसी समय उनके सामने एक ट्रैक्टर आ गया, जो धूल उड़ाता जा रहा था।
के भाई ने धूल से बचते हुए ट्रैक्टर को ओवर टेक करने के लिए बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। स्पीड बढ़ने से अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पूनम सड़क पर गिर पड़ी। पीछे से आ रहे ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आकर वह कुचल गई। इस दर्दनाक हादसे में पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुडरेह निवासी चालक और ट्रैक्टर को अपने कब्जे ले लिया। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरने की बात कही लेकिन परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस का कहना है कि अभी आरोपी चालक उनके कब्जे में है और तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई होगी।
कार बाइक की टक्कर, दो घायल
नोएडा सेक्टर-33 में रामलीला देखकर घर जा रहे बाइक सवार दो लोगों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत नाजुक देख डाक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
मूलरूप से हरदोई निवासी अश्वनी कुमार और मूल रूप से बिहार के दरभंगा निवासी सुरेंद्र सिंह निठारी में किराए के मकान में रहते हैं। बुधवार रात दोनों सेक्टर-33 में रामलीला देखने गए थे।
यहां पर रामलीला देखने के बाद दोनों देर रात बाइक से निठारी जा रहे थे, तभी एनटीपीसी चौराहे के पास एक इटियोस कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से अश्वनी को सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अश्वनी के जीजा बृज किशोर ने मामले की शिकायत थाना सेक्टर-24 पुलिस से की है।