आम आदमी पार्टी नेता आतिशी मरलेना की चिट्ठी पर अभी सियासत थमी नहीं है। मंगलवार को शांति भूषण पर आप के वार के बाद बुधवार को टीम योगेंद्र की तरफ से अजित झा ने कई सवाल खड़े किए हैं। झा ने इसका जवाब मांगा है।
दरअसल, दोनों गुटों में समझौता टूटने के बारे में मंगलवार को आप ने आरोप लगाया था कि शांति भूषण की जिद से आखिरी वक्त में बात बिगड़ गई थी। इसके लिए आतिशी मरलेना की चिट्ठी का भी जिक्र किया था।
वहीं, आप प्रवक्ता आलोक अग्रवाल का बयान भी आया था। इसमें उन्होंने बैठक का प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा करते हुए आतिशी के आरोपों को सही ठहराया था।
इस बारे में राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निकाले गए अजित झा ने कहा कि आप के नए प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने अपने पहले ही बयान मे प्रशांत भूषण के घर हुई निजी बातचीत को तोड़ मरोड़ कर सार्वजनिक किया है। बातचीत में खुद भी शामिल होने का दावा करते हुए झा ने अग्रवाल के बयान से ही कई सवाल खड़े किए हैं।