रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। इससे तेज गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन उमस ने परेशान किया। दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली। कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ धूल भरी आंधी चली, जबकि कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। शाम साढ़े पांच बजे तक 0.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में कमी देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस से अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सबसे अधिक बारिश मयूर विहार में 8 एमएम दर्ज की गई, जबकि, पालम में 6.9, आया नगर में 1.5, रिज में 0.8, पूसा में 0.5 एमएम बारिश हुई।
जाफरपुर में 41 पहुंचा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, जाफरपुर इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि पीतमपुरा में 40.8, पालम में 40.2, नजफगढ़ में 40, आया नगर में 39.8, रिज में 39.5 व लोधी रोड में 39.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया। सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक्यूआई 148 दर्ज
रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 148 रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को हवा खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है। सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में सर्वाधिक 192 एक्यूआई रहा। गुरुग्राम 99, नोएडा में 131, फरीदाबाद में 150 व गाजियाबाद में 142 एक्यूआई दर्ज किया गया।
गर्मी से पीड़ित एक मरीज ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसका अस्पताल में काफी समय से इलाज चल रहा था। वहीं अस्पताल के मुताबिक 22 जून रात एक नया मरीज भर्ती हुआ। अस्पताल में अभी भीषण गर्मी से पीड़ित 15 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 10 मरीज गंभीर हैं। अस्पताल में अभी तक 91 मरीज भर्ती हो चुके हैं। अस्पताल में अभी तक भीषण लू से तीस लोगों की मौत हो चुकी है।