यमुना का जल स्तर और बढ़ा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक पहला हादसा दोपहर करीब 12.30 बजे राजघाट पावर प्लांट के पास बेला गांव में हुआ, जहां आशा और राजा नामक दो मासूम गड्ढे में भरे बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान डूबने लगे। शोर सुनकर लोगों ने राजा को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन आशा को काफी देर बाद पानी से निकाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
राजा को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आशा के पिता बलतो राम व अन्य सदस्य हैं, वहीं राजा के परिवार में पिता लल्लन राम व अन्य सदस्य हैं। दोनों बच्चों के पिता पावर हाउस में काम करते हैं।
दूसरी घटना शाम करीब 5.20 बजे खजूरी चौक के पास हुई। गढ़ी मेंडू निवासी सुरेश (23) भी बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में नहाने गया था, जहां उसकी डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बोट क्लब के गोताखोरों ने सुरेश के शव को पानी से निकाला।
छानबीन के दौरान पता चला कि सुरेश परिवार के साथ गढ़ी मेंडू गांव में रहता था। इसके परिवार में पिता राजकुमार, मां और एक भाई है। पुलिस ने सुरेश का शव कब्जे में लेकर मॉर्चरी भेज दिया है।