पूर्वी दिल्ली। सरकारी अस्पतालों में मधुमेह के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना अहम हो गया है। इस दिशा में दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल की भूमिका अहम है। यहां डायबिटीज, एंडोक्राइनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म के लिए अलग सुपर स्पेशियलिटी सेंटर संचालित है।
जीटीबी अस्पताल परिसर में स्थित सेंटर फॉर डायबिटीज, एंडोक्राइनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म चार मंजिला विशेष केंद्र है। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज (यूसीएमएस) की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस केंद्र का उद्देश्य मधुमेह, मोटापा, थायरॉयड, पिट्यूटरी और अन्य हार्मोन एवं मेटाबॉलिज्म संबंधी बीमारियों के मरीजों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराना है। डॉक्टर के अनुसार, अस्पताल की आधिकारिक ओपीडी सोमवार और बुधवार को निर्धारित है, जबकि एंडोक्राइनोलॉजी की ओपीडी मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होती है।
कड़कड़डूमा स्थित डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान, खिचड़ीपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और शास्त्री पार्क स्थित जग प्रवेश चंद्र अस्पताल क्षेत्र के लोगों को मधुमेह संबंधित सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। ब्यूरो