यमुना किनारे उमड़ेगा आस्था का सैलाब, रविवार शाम डूबते और सोमवार सुबह उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही राजधानी में छठ की रौनक दिखाई देने लगी है। पूर्वांचल बहुल इलाकों में घरों से लेकर बाजारों तक पर्व की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया हैं। व्रतियों ने शुक्रवार को स्नान के बाद कद्दू-भात ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। उनके यहां शनिवार को खरना होगा। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार शाम व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा। व्रती लहसुन-प्याज का सेवन बंद कर देते हैं और जमीन पर सोते हैं।
छठ पर्व को लेकर राजधानी के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। सूप, दउरा, बांस की टोकरी, नारियल, केला, गन्ना, अदरक, मूली और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू हो गई है। व्रती और उनके परिजन पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जुटाने में लगे हैं।
खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। शाम को स्नान के बाद मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी तैयार की जाएगी। सूर्य देव और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
यमुना व मुनक के घाटों पर जुटेंगे लाखों श्रद्धालु
राजधानी में छठ पूजा के लिए सैकड़ों स्थानों पर घाट और कृत्रिम तालाब तैयार किए जा रहे हैं। आईटीओ पुल, वजीराबाद के पूर्वी और पश्चिमी तट, कुदेसिया घाट, सूर्य घाट, सोनिया विहार, गीता कॉलोनी, यमुना बाजार, दुर्गा घाट, कालिंदी कुंज, निजामुद्दीन, रामघाट और पंटून पुल पर बड़ी संख्या में व्रती सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसी तरह मुनक नहर पर बनाए गए 11 किलोमीटर लंबे घाट पर भी संख्या में श्रद्धालुओं पूजा अर्चना करेंगे। इसके अलावा कल्याणवास, कोंडली नहर, मयूर विहार फेज-तीन, न्यू अशोक नगर हिंडन कट कैनाल, भलस्वा झील, मॉडल टाउन, जहांगीरपुरी झील, प्रीत विहार, डाबरी गांव, नसीरपुर, सागरपुर, कैलाशपुरी, महावीर एन्क्लेव, गांधी नगर, नरेला सेक्टर-छह, जैतपुर, बदरपुर, वसुंधरा एन्क्लेव और चिल्ला गांव सहित कई इलाकों में भी पूजा होगी।