प्रगति मैदान में 9 जनवरी से शुरू होने जा रहे विश्व पुस्तक मेले का टिकट मेट्रो स्टेशनों पर भी मिलेगा। दिल्ली समेत एनसीआर के 47 स्टेशनों को टिकट बेचने के लिए चिह्नित किया गया है। टिकट सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मिलेगा।
एनसीआर के स्टेशनों पर सुबह 9 और प्रगति मैदान में सुबह दस बजे से टिकट विंडो काउंटर खुलेगा। वयस्क टिकट बीस रुपये में और बच्चों का टिकट दस रुपये का होगा।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कम्यूनिकेशन अनुज दयाल के मुताबिक, प्रगति मैदान में 9 से 17 जनवरी तक आयोजित होने वाले विश्व पुस्तक मेले का टिकट मेट्रो स्टेशनों पर मिलेगा।
एनसीआर के स्टेशनों पर कस्टमर केयर विंडो और टोकन काउंटर पर विश्व पुस्तक मेले का टिकट मिलेगा, जबकि प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन में कस्टमर केयर व टोकन काउंटर विंडो की बजाय अतिरिक्त काउंटर पर टिकट उपलब्ध होगा।
यहां से लें टिकट
रेड लाइन :
दिलशाद गार्डन, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, नेताजी सुभाष प्लेस, पीतमपुरा, रोहिणी वेस्ट व रिठाला मेट्रो स्टेशन।
येलो लाइन :
जहांगीरपुरी, जीटीबी नगर, विश्वविद्यालय, चांदनी चौक, नई दिल्ली, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, आईएनए, हौजखास, साकेत, एमजी रोड व हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन।
ब्लू लाइन :
नोएडा सिटी सेंटर, नोएडा सेक्टर-18, वैशाली, आनंद विहार, प्रगति मैदान, राजेंद्र नगर, जनकपुरी वेस्ट, द्वारका मोड़ और द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन।
ग्रीन लाइन :
अशोक पार्क मेन, पंजाबी बाग, पश्चिम विहार ईस्ट और मुंडका मेट्रो स्टेशन।
वायलेट लाइन :
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, नेहरू प्लेस, सरिता विहार, बदरपुर बॉर्डर, सराय, एनएचपीसी चौक, मेवला महाराजपुर, सेक्टर-28, बड़खल मोड़, पुराना फरीदाबाद, नीलम चौक, अजरौंदा बाटा चौक व एस्कोर्ट मुजेसर मेट्रो स्टेशन शामिल है।
मेला 9 से, चीन होगा भागीदार देश
विश्व पुस्तक मेले की शुरुआत प्रगति मैदान में शनिवार से हो रही है। आयोजकों का मानना है कि परीक्षा की तैयारियों की व्यस्तता होने से फरवरी के आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल नही हो पा रहे थे।
इसी वजह से इस बार पुस्तक मेला जनवरी के दूसरे सप्ताह में रखा गया है। नेशनल बुक ट्रस्ट की तरफ आयोजित मेले में इस बार चीन भागीदार देश है। चीन के 250 सदस्यों का एक प्रतिनिधि मंडल मेले में मौजूद रहेगा।
वहीं, तीन विदेशी भागीदारों के साथ मेले में एक हजार प्रकाशकों के स्टॉल रहेंगे। खास बात यह है कि पुस्तक मेले में तीन पाकिस्तानी प्रकाशक भी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, इस बार हेरिटेज ऑफ इंडिया थीम है।
नोट : दिल्ली समेत एनसीआर के 47 स्टेशनों पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक टिकट मिलेगा