फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली विधानसभा चुनावः आधी आबादी ने लोकतंत्र में निभाई पूरी जिम्मेदारी

Sun, 09 Feb 2020 05:40 AM IST
दुष्यंत शर्मा रश्मि शर्मा, नई दिल्ली
विज्ञापन
आधी आबादी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लोकतंत्र को मजबूत करने की परीक्षा में आधी आबादी (महिलाओं) ने अपनी पूरी भागीदारी निभाई। उन्होंने अपनी सुरक्षा, विकास, रोजगार और घरेलू बजट के नाम पर ईवीएम का बटन दबाया। मुस्लिम बहुल समेत कई ग्रामीण इलाकों में महिलाएं मतदान की जिम्मेदारी निभाने में पीछे नहीं रही। वोट देकर मतदान केंद्रों से बाहर निकली महिलाओं ने चुटीले अंदाज में कहा कि परिवार का वोट इस बार हमने ही तय किया है। महिलाओं की ताकत को समझते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट के माध्यम से महिलाओं से मतदान करने की अपील की थी।

विज्ञापन


दिल्ली के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जागरूक मतदाता की जिम्मेदारी निभाने के लिए कई बूथों पर महिलाएं सुबह ही पहुंच गई थी, जिस तरह सीएए और एनआरसी के खिलाफ महिलाएं एकजुट होकर सड़क पर हैं, ठीक उसी तरह मतदान कर अपनी ताकत का अहसास कराया। ओखला विधानसभा के ज्यादातर मतदान केंद्रों पर पुरुषों से अधिक महिलाओं की भीड़ देखी गई। शाहीन बाग और जामिया का नजारा तो कुछ अलग ही था। बूथों पर महिलाओं का उत्साह बता रहा था कि उन्होंने वोट डालकर लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी दिखाई है।

अपने परिवारों के साथ ही नहीं, महिलाएं टोलियों में भी बूथों पर पहुंचीं। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा का भी सहारा लिया। महिलाओं ने कहा कि वोट में उनकी मर्जी चली है। कई महिलाएं ऐसी भी थी जिन्हें प्रत्याशी का नहीं पता था, लेकिन यह पता था कि लोकतंत्र के इस पर्व में एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभानी है। आठ बजे वोटिंग शुरू होने से पहले ही कई बूथों पर आधी आबादी घर का काम निपटाकर मतदान करने पहुंच गई थीं। कई जगहों पर तो महिलाएं अन्य लोगों को वोट देने की अपील भी करती दिखाई दी।
विज्ञापन


वोट कर मेहंदी भी लगवाई
कुछ बूथों पर महिलाओं के लिए मेंहदी लगाने के खास इंतजाम किए गए थे। मतदान करने के बाद महिलाओं ने मेंहदी लगाने से भी परहेज नहीं किया। वोट डालने के बाद महिलाओं ने उम्मीद जताई कि जिस भी पार्टी की सरकार बने वह महिला सुरक्षा, घर के बजट और रोजगार को जरूर ध्यान में रखे।
 

Trending Videos
विज्ञापन

घर के साथ दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है : केजरीवाल

दिल्ली में मतदान शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दिल्ली की जनता से मतदान करने की अपील की। उन्होंने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा कि महिलाएं वोट डालने जरूर जाएं। अपील करते हुए लिखा कि जैसे आप घर की जिम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है। आप सभी महिलाएं वोट डालने जरूर जाएं और पुरुषों को भी ले जाएं।

कहीं बूथ खाली तो कहीं वोटरों की कतार
दक्षिण दिल्ली की दस विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग स्टेशन पर अव्यवस्था भी देखने को मिली। कुछ बूथों पर मतदाताओं की लाइनें दिखी तो कुछ खाली पड़े हुए थे। कुछ जगहों पर मतदाताओं को मोबाइल फोन पोलिंग स्टेशन के अंदर ले जाने की मनाही थी, तो कुछ जगहों पर मतदान करने वाले मोबाइल फोन को अंदर ले जाते हुए दिखाई दिए।

कुछ जगहों पर पोलिंग स्टेशनों के गेट पर तैनात पुलिसकर्मी पहचान पत्र भी नहीं देख रहे थे। तुगलकाबाद में ईवीएम मशीन खराब होने से मतदाताओं में आक्रोश दिखा। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्थित पोलिंग स्टेशनों तक कुछ ई-रिक्शा चालक मतदाताओं को लाते-ले जाते हुए दिखाई दिए। ई-रिक्शा चालक व आप समर्थक विकास ने बताया कि वह गोविंपुरी से मतदाताओं को ला रहा है। दूसरे ई-रिक्शा चालक विजयपाल ने बताया कि वह सुबह साढ़े सात बजे से मतदाताओं को पोलिंग स्टेशन तक ला रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें