फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला सब इंस्पेक्टर की हत्या के पीछे शादी कनेक्शन, हत्यारा बॉयफ्रेंड था भजनपुरा थाने में तैनात

Sat, 08 Feb 2020 10:35 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
प्रीति अहलावत और दिपांशु राठी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रोहिणी मेट्रो स्टेशन के पास महिला सब इंस्पेक्टर की हत्या शादी से इनकार कर दोस्ती तोड़ने से नाराज बैचमेट भजनपुरा थाने में तैनात एसआई ने की थी। वारदात के बाद उसने मुरथल के पास अपनी कार में खुद को गोली मारकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के व्हाट्स ऐप पर मिली चैट से पता चला है कि वह उससे प्यार करता था और शादी करना चाहता था। 8 माह पहले किसी बात पर दोनों की दोस्ती में खटास आ गई थी। इसके बाद महिला सब इंस्पेक्टर ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर युवती को गोली मारे जाने की सूचना मिली। जांच में पता चला कि गोली दिल्ली पुलिस की सब इंस्पेक्टर प्रीति अहलावत (26) के सिर में लगी थी। मौके से तीन खोखे मिले। 

चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि रोहिणी ई ब्लॉक में रहने वाली प्रीति मेट्रो स्टेशन से पैदल घर जा रही थी। वह अपनी कुछ महिला बैचमेट के साथ रहती थी। गली में घुसते ही युवक ने उसे पास से तीन गोलियां मार दीं। आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और प्रीति के मोबाइल से आरोपी दिपांशु राठी (28) के बारे में पता चला। उसका नंबर प्रीति ने विकीपीडिया नाम से सेव किया था। पुलिस उसके मोबाइल की लोकेशन के जरिये मुरथल के पास पहुंची, जहां कार में दीपांशु का शव मिला। उसने खुद को सर्विस पिस्टल से गोली मार ली थी। नॉर्थ रोहिणी थाना पुलिस दोनों के परिजनों से पूछताछ कर रही है। 

विज्ञापन
Trending Videos

ट्रेनिंग के दौरान दोनों में हुई थी दोस्ती 

दिपांशु राठी - फोटो : अमर उजाला
मूलत: रोहतक की रहने वाली प्रीति अहलावत वर्ष 2018 में दिल्ली पुलिस में एसआई पद पर भर्ती हुई थी। ट्रेनिंग के दौरान उसकी मुलाकात सोनीपत की शास्त्री कॉलोनी निवासी दीपांशु राठी से हुई। मूल रूप से वह भी रोहतक के लाखन माजरा का रहने वाला था। दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। करीब 8 माह पहले किसी बात को लेकर दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। इसके बाद प्रीति ने दीपांशु से शादी करने से इनकार दिया। उधर, दीपांशु किसी भी हालत में उससे शादी करना चाहता था। 

जांच में पता चला कि प्रीति के पिता बीएसएफ से रिटायर्ड हैं। उसकी मां और बड़ी बहन टीचर हैं और भाई न्यूजीलैंड में कंप्यूटर इंजीनियर है। उसके दिल्ली पहुंचने के बाद ही प्रीति के शव का पोस्टमार्टम होगा। वहीं दीपांशु के पिता दयानंद राठी हरियाणा पुलिस में एसआई थे। वे अप्रैल-2018 में सेवानिवृत्त हुए थे। उसके परिवार में एक बड़ी बहन और बड़ा भाई हैं। सोनीपत पुलिस ने दीपांशु के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। 

 
विज्ञापन

दोस्ती टूटने के बाद करने लगा था पीछा

जांच में पता चला कि दोस्ती टूटने के बाद दीपांशु प्रीति का पीछा करने लगा था। वह उसके व्हाट्स ऐप पर लगातार अनाप-शनाप मैसेज करता था। वह प्रीति के थाने आने और घर के लिए निकलने के फोटो उसके व्हाट्स ऐप पर भेजता रहता था। प्रीति ने तंग आकर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद वह अपने बैच के व्हाट्स ऐप ग्रूप पर भी ऐसी हरकत करने लगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह प्रीति से शादी करना चाहता था। प्रीति का प्रोबेशन मार्च में खत्म होना था। वह उसकी बातों पर ध्यान नहीं दे रही थी।

पिता ने जताई हत्या की आशंका
दीपांशु के परिजनों ने अब तक उसकी मौत के संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने सूचना के बाद बड़ी औद्योगिक थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास खड़ी कार से शव कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच के मुताबिक, दीपांशु राठी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। 

शव का पोस्टमार्टम सोनीपत के सामान्य अस्पताल में कराया गया। दीपांशु के पिता दयानंद ने सामान्य अस्पताल में पत्रकारों के पूछने पर बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई। उनका कहना है कि दीपांशु के सिर में पीछे की तरफ गोली लगना पुलिस की थ्योरी पर सवाल खड़े करता है। पिस्टल के ट्रिगर पर उसका अंगूठा मिला है। उधर, एसपी गन्नौर संदीप मलिक ने सर्विस रिवॉल्वर से आत्महत्या की आशंका जताई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें