गुरुग्राम महानगर शहरी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) जल्द ही महिलाओं को तोहफा देने वाला है। शहर में महिला स्पेशल बस चलाए जाने की योजना को सिरे चढ़ाया जा रहा है। योजना के सिरे चढ़ते ही पहले से चल रहे 6 रूटों पर एक-एक महिला स्पेशल बस भी चलेगी। इसके लिए तैयारी पूरी की जा चुकी है। आला अधिकारियों की मंजूरी मिलते ही महिला स्पेशल बसों को सड़कों पर दौड़ा दिया जाएगा।
जीएमसीबीएल ने पहले एक महिला स्पेशल बस दिल्ली रूट पर चलाने की योजना तैयार की थी, लेकिन इस रूट पर अन्य बसें के शुरू होने में देरी हो रही है जिसके कारण इस योजना को शहर के 6 अन्य रूटों के लिए कर दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, शहर में सार्वजनिक परिवहन सुविधा प्रयोग करने वालों में महिलाओं की संख्या काफी अधिक है। शहर में चलाए जा रहे सभी 6 रूटों पर महिलाएं बस का प्रयोग कर रही हैं। अनेक बार यह बात सामने आई है कि बस में अधिक भीड़ के कारण महिलाओं को परेशानी हुई है। इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए महिला स्पेशल बस चलाए जाने की योजना बनाई गई थी।
दिल्ली रूट पर हो रही वारदातों के मद्देनजर दिल्ली रूट को महिला स्पेशल के साथ शुरू किए जाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन इस रूट पर दिल्ली सरकार की तरफ से एनओसी मिलने में देरी हो रही है जिसके कारण फिलहाल इस रूट की महिला स्पेशल के साथ शुरूआत करने को रोक दिया गया।