-पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके की वारदात, नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप, विरोध करने पर वीडियो वायरल करने का दिखाया खौफ
-मंडावली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी दीपक बंसल की तलाश में जुटी टीम, पुलिस ने पीड़िता की काउंसलिंग भी करवाई, मामले की छानबीन जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। मंडावली इलाके में 41 वर्षीय एक महिला के साथ नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता को नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया। बाद में इसकी वीडियो भी बना ली। आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर महिला के सोने के गहने भी हड़प लिए। मंडावली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है। घटना के बाद से पीड़िता बुरी तरह डरी है। इतना ही नहीं आरोपी ने शिकायत करने पर तेजाब डालकर उसे जलाने की धमकी दी थी। पुलिस ने महिला की काउंसलिंग करवाई है। अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी नगर निवासी पीड़िता की मुलाकात करीब दो साल पहले गणेश नगर निवासी आरोपी दीपक बंसल से हुई थी। दीपक ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि 4 मार्च 2026 को आरोपी ने नौकरी की बात करने के बहाने महिला को बुलाया और उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। महिला के अचेत होते ही आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और पीड़िता के सोने के कड़े, अंगूठी व चेन छीन ली। आरोपी ने खुद की पुलिस में ऊंची पकड़ होने का डर दिखाया और शिकायत करने पर चेहरा बिगाड़ने के लिए तेजाब फेंकने की धमकी दी। पीड़िता इससे बुरी तरह डर गई। डर और लोकलाज की वजह से पीड़िता कई महीनों तक चुप रही। लेकिन आरोपी के लगातार बढ़ते शोषण से परेशान होकर उसने मंडावली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 22 सितंबर को आरोपी दीपक बंसल के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अब उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।