स्वाइन फ्लू का प्रकोप खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। हॉट सिटी की राधेश्याम पार्क निवासी 51 वर्षीय महिला की शुक्रवार को जीटीबी अस्पताल में मौत हो गई है।
स्वाइन फ्लू से मौत की आशंका जताई जा रही है लेकिन स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ऐसे किसी मरीज में न तो प्राइवेट न ही सरकारी लैब से स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
राधे श्याम पार्क कालोनी निवासी 51 वर्षीय संतोष शर्मा की 26 फरवरी को तबीयत बिगड़ी थीं। उन्हें खांसी, जुकाम और बुखार था। बेटी आशु शर्मा ने मोहन नगर स्थित नरेंद्र मोहन अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया और दो दिन बाद दिल्ली स्थित इरविन अस्पताल में ले जाया गया।
डॉक्टरों ने संतोष को स्वाइन फ्लू होने की बात परिजनों को बताई। अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में जगह न होने पर मरीज को वापस गाजियाबाद स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां इनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार की सुबह उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर जीटीबी अस्पताल दिल्ली ले जाया गया, जहां शुक्रवार की शाम उनकी मौत हो गई।
डीएमओ जीके मिश्रा ने बताया कि इस नाम के किसी भी मरीज के लिए न तो अस्पतालों से सूचना आई है न ही किसी लैब के सैंपल आएं हैं।
न ही अस्पतालों से या परिजनों द्वारा दवा के लिए संपर्क किया गया है। मौत की अन्य कोई वजह हो सकती है स्वास्थ्य विभाग को कोई जानकारी नहीं है।