महिला का आरोप है कि वह पति को छुड़वाने के लिए गई थी, लेकिन आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा। उस दौरान पति ने बताया कि आरोपी उन पर बिजली चोरी का छापा डलवाने के शक में मारपीट कर रहे हैं।
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में ऊंचा गांव का रहने वाला एक व्यक्ति करीब साढ़े पांच महीने से संदिग्ध हालात में गायब है। व्यक्ति की पत्नी ने पड़ोसियों पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी है। थाना आदर्श नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
ऊंचा गांव निवासी एक महिला ने बताया कि 3 जनवरी की शाम करीब साढ़े 7 बजे पड़ोसी लाखन ने उसके पति धर्मवीर को अपने घर पर बुलाया। आरोप है कि लाखन व उसके परिवार जनों ने पति धर्मवीर के साथ मारपीट की। महिला अपने पति को छुड़वाने के लिए गई थी, लेकिन आरोपियों ने उसके पति को नहीं छोड़ा।
उस दौरान पति धर्मवीर ने बताया कि आरोपी उन पर बिजली चोरी का छापा डलवाने के शक में मारपीट कर रहे हैं। जिसके बाद महिला अपने परिवार के लोगों को बुलाने के लिए गई। जब वह वापस आई तो आरोपी पड़ोसी ने उनके पति धर्मवीर को गायब कर दिया था। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति की हत्या कर दी है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति पर झूठा केस भी दर्ज कराया था।