दिल्ली वक्फ बोर्ड भर्ती मामला : अगली सुनवाई तीन दिसंबर को
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राउज एवेन्यू कोर्ट में दिल्ली वक्फ बोर्ड भर्ती मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान समेत 11 आरोपियों के खिलाफ चल रहे मुकदमे में अभियोजन पक्ष के एक गवाह का बयान दर्ज किया गया। विशेष न्यायाधीश दिग्विनय सिंह ने अगली सुनवाई तीन दिसंबर तय की है।
सुनवाई के दौरान गवाह प्रेमराज कौशिक का बयान सुबह दस बजे से दोपहर 1:15 बजे तक दर्ज हुआ। आरोपियों की ओर से उनकी आंशिक जिरह की गई। कौशिक ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम का हवाला देते हुए लंच के बाद उपस्थित न हो पाने की बात कही, जिस पर कोर्ट ने उन्हें तीन दिसंबर को दोबारा जिरह के लिए तलब किया।
इससे पहले 24 नवंबर को अभियोजन पक्ष के दो गवाह एसपी मीणा और मोहम्मद इमरान अपने बयान दर्ज करा चुके हैं। कोर्ट ने 28 जुलाई को अमानतुल्लाह खान समेत 11 आरोपियों पर आरोप तय किए थे। इनमें तत्कालीन सीईओ महबूब आलम, हामिद अख्तर, किफायतुल्लाह खान, रफीऊशान खान, इमरान अली, मोहम्मद अबरार, आकिब जावेद, अजहर खान, जाकिर खान और अब्दुल मन्नर शामिल हैं।