कोहरा पड़ना अभी शुरू भी नहीं हुआ और ट्रेनें लेट होने लगीं। रविवार को लिच्छवी, कोलकाता एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की कई ट्रेनें 3 से 10 घंटे लेट रहीं।
त्योहारी सीजन में ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका कारण रूटों पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन माना जा रहा है।
अप्रैल से लेकर सितंबर तक अधिकांश ट्रेनें सही टाइम पर दौड़ रही थीं, लेकिन अब ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला फिर शुरू हो गया है।
हालांकि अधिकारी इसका कोई सही कारण तो नहीं बता रहे, लेकिन रूटों पर ट्रैफिक ज्यादा होने और मौसम में परिवर्तन को इस लेटलतीफी का कारण माना जा रहा है।
त्योहारी सीजन में ट्रैक पर उतारी गई स्पेशल ट्रेनों की वजह से ट्रैफिक ज्यादा हो गया है। अब कोहरे शुरू होने के बाद ट्रेनों का शेड्यूल और गड़बड़ाएगा।
रविवार को ये ट्रेनें हुईं लेट
आनंद विहार-सियालदह सुविधा स्पेशल 1:45 घंटे, मगध एक्सप्रेस 3:20 घंटे, जोगबनी-आनंद विहार सुपरफास्ट 2:15 घंटे, कोलकाता-आनंद विहार एक्सप्रेस 10:10 घंटे, लिच्छवी 4:50 घंटे, आनंद विहार-कानपुर एक्सप्रेस 2:15 घंटे लेट रही।
रेलवे रिवर्जेशन सिस्टम पौने दो घंटे रहेगा ठप
तकनीकी सुधार के लिए रेलवे ने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) को कुछ घंटों के लिए बंद करने का निर्णय लिया है। 21 अक्तूबर देर रात 11:45 बजे से 1:30 बजे तक रेलवे संबंधी सभी तरह की कंप्यूटरीकृत पूछताछ सेवा बंद रहेगी।
रविवार को देर रात तक तकनीकी सुधार के लिए पीआरएस सेवा बंद रही। बुधवार देर रात कुल पौने दो घंटे के लिए रेलवे से जुड़ी सभी ऑनलाइन सर्विस बंद रहेगी।
इस दौरान आईवीआरएस/टच स्क्रीन, कॉल सेंटर (टेलीफोन नंबर- 139) के माध्यम से भी किसी तरह की ट्रेनों से संबंधित जानकारी नहीं मिलेगी।
कम्प्यूटर द्वारा चालू आरक्षण बुकिंग का काम काज भी इस दौरान बंद रहेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 139 पूछताछ सेवा के साथ ही इस दौरान आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग भी नहीं होगी।