भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान के तहत दनकौर कस्बे के 425 घरों में शौचालय बनाए जाएंगे। दनकौर नगर पंचायत ने इस लक्ष्य को पूरा करने की पहल भी कर दी है। भारत सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी कस्बों और शहरों को ओडीएफ (ओपन डिसीकेशन फ्री) बनाने के लिए 2 अक्टूबर 2019 तक का समय निर्धारित है।
दनकौर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनिल पंडित ने बताया कि कस्बे को ओडीएफ बनाने के लिए 25 सितंबर से स्वच्छ भारत मिशन की शुरूआत कर दी गई है। एक जनवरी 2016 तक कस्बे के सभी वार्डों में 2014 के सर्वे के अनसार 425 परिवारों में शौचालय नहीं पाए गए। जिसका निर्माण कराया जाएगा।
बॉयो डाइजेस्टर टॉयलेट बनाएगी एजेंसी
नगर पंचायत अधिकारी के मुताबिक कस्बे में शौचालयों के निर्माण के लिए सरकार की डीआरडीओ एजेंसी से बॉयो डाइजेस्टर टॉयलेट बनाने की बात की जा रही है। जिससे कि कम खर्च में ही स्वच्छ शौचालय बनाए जा सके। जल्द ही एजेंसी से कस्बे के 425 शौचालय के लिए एरिया का सर्वे कराया जाएगा।
केंद्र सरकार से मिलेंगे 8 हजार रुपये
केंद्र सरकार की इस योजना के तहत लाभार्थी को शौचालय के निर्माण करने के लिए 8 हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। इस योजना में शौचालय के निर्माण में करीब 4.5 हजार रुपये का खर्च स्वयं ही लाभार्थी को वहन करना पड़ेगा।