गुड़गांव में मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस की जांच में पत्नी के दबाव बनाने की बात सामने आने के बाद बादशाहपुर थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, एक साल पहले लखनऊ निवासी प्रतिभा से लव मैरिज के बाद रजनीश (30) सोहना रोड स्थित सेक्टर-59 स्थित रायसीना रेजिडेंसी के विक्टोरिया टावर में रह रहा था। रजनीश एक निजी कंपनी में सीनियर पब्लिशर्स के पद पर कार्यरत था। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि रजनीश ने कमरे में फांसी लगा ली।
सूचना के बाद बादशाहपुर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटना के वक्त रजनीश अपनी पत्नी और साली के साथ फ्लैट में था। मृतक के मामा ने पुलिस को बयान में बताया कि शादी के बाद से उसकी पत्नी उस पर दबाव बना रही थी जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा हुआ था। पुलिस की जांच में पत्नी पर ही आरोप सामने आने पर उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।