बुलंदशहर के खुर्जा की रहने वाली महिला की शादी 2020 में हुई थी। महिला का पति दनकौर क्षेत्र में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर है। वह कस्बा दनकौर में किराये पर कमरा लेकर रहता है और पिछले करीब 1 साल से घर नहीं गया है। पत्नी व परिवार के अन्य लोग फोन कर घर न आने का कारण पूछते तो हर बार छुट्टी नहीं मिलने का बहाना बता देता। इस पर महिला को शक हुआ तो उसने गोपनीय तरीके से पति के कमरे की तलाश की।
बुधवार को पता चला कि उसने किसी अन्य महिला से दूसरी शादी कर ली है और उसी के साथ रह रहा है। पीड़ित पत्नी व परिवार के अन्य लोग दनकौर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि प्रोफेसर दूसरी शादी कर कस्बे में रह रहा था। पहली पत्नी ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया। पत्नी की शिकायत पर पति को हिरासत में लिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।