निवाड़ी थाना क्षेत्र के अबूपुर गांव में सोमवार रात पांच साल के मासूम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जबकि उसके दादा और तीन साल के भाई को गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव में चर्चा है कि दोनों मासूमों ने गलती से दादा की शराब पी ली थी। एक मासूम की मौत और दो की हालत गंभीर होने पर शराब के जहरीली होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, परिजन इस बारे में कुछ बोलने से इनकार कर रहे हैं।
अबूपुतर में मुकेश गोस्वामी (55) परिवार समेत रहते हैं। मुकेश ट्रक चालक हैं और बेटा प्रशांत अपना व्यवसाय करता है। ग्रामीणों के अनुसार, मुकेश रात के समय घर में शराब पी रहे थे।
इसी बीच किसी जरूरी काम से वह शराब से भरा गिलास रखकर बाहर चले गए। बताया जाता है कि तभी प्रशांत के दोनों बेटे अनमोल (5) और चुन्नू (3) वहां पहुंच गए और गिलास में रखी शराब पी डाली।