दिल्ली-एनसीआर में 29 और 30 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। यह अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 और 30 जुलाई को हल्की बारिश के साथ ही तेज बारिश भी हो सकती है। इसके चलते लोगों को जलजमाव, ट्रैफिक आदि से सावधान रहने के लिए कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस वक्त मानसून हिमालय की पहाड़ियों के बहुत नजदीक से गुजर रहा है। 28 जुलाई की शाम से यह दक्षिण दिशा की ओर बढ़ेगा और दिल्ली-एनसीआर के बहुत पास से होकर गुजरेगा। यह समय 28 जुलाई से 30 जुलाई तक का होगा।
इस समय के दौरान दक्षिणवर्ती हवाएं अरब सागर से और पूर्वा हवाएं बंगाल की खाड़ी से हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर पूर्वी राजस्थान पहुंचेंगी। यही वजह है कि दोनों हवाओं के चलते इन इलाकों में तेज से बहुत तेज बारिश तक हो सकती है।
200 शहरों का हाल बताएगा ‘मौसम’, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने लॉन्च किया एप
आम आदमी को घर बैठे मौसम का हाल मिलेगा। केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने सोमवार को मौसम एप लॉन्च किया, जो 200 शहरों के मौसम का पूर्वानुमान और चेतावनी के बारे में बताएगा। यह भारत का पहला मौसम को समर्पित मोबाइल एप है, जिसे आईसीआरआईएसटी, आईआईटीएम पुणे और आईएमडी ने मिलकर डिजाइन और विकसित किया है। गूगल प्ले स्टोर और एपल के एप स्टोर से इसे डाउनलोड किया जा सकता है।
मौसम एप देश के 200 शहरों के मौसम की सटीक जानकारी देने के साथ शहर का तापमान, सूर्योदय और सूर्यास्त का समय, हवा की गति, आर्द्रता भी बताएगा। इसके अलावा समय समय पर मौसम के बिगड़े मिजाज की चेतावनी भी जारी करेगा। इसके लिए लगभग 800 स्टेशनों की मदद से जिलों के मौसम का हाल और हर तीन घंटे में मौसम की चेतावनी भी जारी होगी।
एप लॉन्च करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा, इस तरह की कोशिशों के लिए सकारात्मक सोच और बड़ा बजट भी जरूरी है। लिहाजा विभाग के बजट में दो बार इजाफा किया गया है। एप के पूरे सिस्टम को बेहद उन्नत किया गया है, ताकि मौसम संबंधी चेतावनियों को समझ कर देश में किसी दुर्घटना से पहले चेतने की प्रवृति को बढ़ाया जा सके। जिससे पूर्वानुमान की मदद से पहले ही संसाधनों को जुटा कर आपदा से कुशलतापूर्वक निपटा जा सके। साथ ही पूर्वानुमान लग जाने से प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में और पोस्ट नियोजन में आसानी होगी।