गाजियाबाद की वेव सिटी के पास डेरी स्कनर गांव निवासी जितेंद्र और गिरधरपुर के हरेंद्र की हत्या के तीनों नामजद आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। सूत्रों का कहना है कि केस में नामजद किया गया अनिल नागर पूर्व में कई बार नेपाल में समय बिता चुका है। उसका वहां कोई खास ठिकाना है। ऐसे में इस आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता कि बिल्लू गैंगस्टर और उसके चचेरे भाई अनिल नागर व विनोद नागर नेपाल में शरण ले सकते हैं। हालांकि मामले की जांच में जुटी गाजियाबाद के कविनगर थाना पुलिस का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं है।
डेरी स्कनर गांव के जितेंद्र और गिरधरपुर गांव के हरेंद्र दोस्त थे। दोनों की बुधवार रात गाजियाबाद की वेवसिटी के पास ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जितेंद्र की पत्नी प्रीति की शिकायत पर पुलिस ने दुजाना गांव के बिल्लू गैंगस्टर और उसके चचेरे भाई अनिल नागर व विनोद नागर पर केस दर्ज किया था।