फोटो - पानी की किल्लत को लेकर छापी गई थी खबर।
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
नगीना खंड के गांव जलालपुर में जोहड़ के पास बने वाटर बूस्टर की पाइपलाइन टूटने और अवैध कनेक्शनों के कारण करीब 250 घरों की बस्ती गंभीर जल संकट से जूझ रही थी। हालात ऐसे हो गए थे कि लोगों को मजबूरन निजी टैंकरों और बोतलबंद पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा था, जो खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ा बोझ बन गया था। इस समस्या को लेकर 28 मार्च को अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई।
खबर प्रकाशित होते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और महज दो दिन के भीतर ही संबंधित विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी। अवैध कनेक्शनों को काटने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य तेजी से किया गया। सोमवार तक विभाग ने पाइपलाइन को पूरी तरह दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल कर दी, जिससे अब करीब 250 घरों तक नियमित पानी पहुंचना शुरू हो गया है। पानी मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। गांव के वसीम, साबिर, सोयब और इरफान सहित अन्य ग्रामीणों ने समस्या के समाधान पर खुशी जताते हुए अमर उजाला और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।