दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो एक ही रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण) नंबर पर चोरी के पांच ऑटो चलवा रहा था। आरोपी की पहचान मोहन गार्डन निवासी दिनेश मेहता (47) हुई है। पुलिस ने उसके पास से सभी पांच ऑटो बरामद कर लिए हैं। आरोपी चोरी के ऑटो चलवाने के बदले छह हजार रुपये किराया वसूलता था। पुलिस पूछताछ कर अन्य मामलों की छानबीन कर रही है।
संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि सोमवार को इंटरस्टेट सेल चाणक्यपुरी को सूचना मिली कि नकली पेपर पर चोरी के ऑटो चलवाने वाला एक शख्स द्वारका मोड़ के पास आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने दिनेश मेहता को चेकिंग के लिए रोक लिया। पेपर मांगने पर उसने फोटो स्टेट दिखाई।
असली कागजों के पूछने पर उसने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने चालान कर जब्त किए हुए हैं। इसी दौरान पुलिस ने उसी नंबर का एक और ऑटो जब्त कर लिया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ में दिनेश बताया कि वह पिछले काफी समय से ऑटो चला रहा है। उसने बताया कि पुलिस कभी भी ऑटो के इंजन और चेसिस नंबर की जांच नहीं करती थी।
ऑटो चलाने के दौरान उसे यह भी पता चला कि संगम विहार और उत्तम नगर के अंदरूनी इलाकों में एक ही रजिट्रेशन नंबर पर कई ऑटो चलाए जा रहे हैं। इसी को देखकर उसने साकेत, प्रशांत विहार, वसंतकुंज और कंझावला से पांच ऑटोे चुराए और सभी पर एक नंबर डालकर कागजों की फोटो कॉपी चालकों को थमाकर चलवाना शुरू कर दिया।