फरीदाबाद में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ सात अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर व कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी के नेतृत्व पैदल मार्च किया जाएगा और राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह जानकारी पार्टी प्रभारी जसवंत सिंह एवं पूर्व विधायक बावल ने दी यहां पूर्व विधायक आनंद कौशिक के कार्यालय पर एक बैठक के दौरान दी।
बैठक में तिगांव विधायक ललित नागर, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, प्रदीप जेलदार, रिंकू चंदीला, गुलशन बग्गा, बलजीत कौशिक, लखन सिंगला, सुमित गौड़, पार्षद अनिल शर्मा मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बावल ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है, जन विरोधी फैसलों के अलावा कोई भी विकास कार्य नहीं किया हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा हालत किसानों की खराब हो रही हैं। उनकी फसलों का उचित रेट नहीं मिल पा रहा हैं। बेमौसम बारिश और ओलों के कारण बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजे का ऐलान नहीं किया जा रहा हैं।
उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को पूर्व विधायक आनन्द कौशिक के सेक्टर-9 स्थित कार्यालय पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर व कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी पहुंचेंगी और वहां से सेक्टर-12 तक पैदल मार्च करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन देंगे।