जेवर के चैरोली गांव में रविवार सुबह फेसबुक पर महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने पोस्ट करने वाले आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया। वहीं, रविवार रात फेसबुक पर पोस्ट डालने वाले पक्ष ने घर पर मारपीट की सूचना 100 नंबर पर दी।
इसके बाद दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने 16 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आठ लोगों को हिरासत में ले लिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, चैरोली निवासी बॉबी ने फेसबुक पर अभद्र पोस्ट शेयर की थी। जिसकी वजह से रविवार सुबह गांव में तनाव हो गया। पुलिस आरोपी बॉबी के पिता सुखपाल को पूछताछ के लिए जेवर कोतवाली ले गई।
आरोप है कि शाम के समय आरोपी पक्ष के एक युवक ने 100 नंबर पर कॉल कर दूसरे पक्ष पर तोड़फोड़ और मारपीट की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ नहीं मिला।
एक पक्ष का आरोप है कि 14-15 अज्ञात लोगों ने घरों में घुसकर मारपीट और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि फेसबुक पर की गई अभद्र पोस्ट के बचाव में आरोपी पक्ष के कुछ लोगों ने गांव के 5 से 6 घरों में खड़े वाहनों के कुछ हिस्सों को खुद ही तोड़ दिया और झूठा आरोप लगा रहे हैं।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
सूचना मिलते ही एसपी देहात रणविजय सिंह, एसडीएम जेवर गुंजा सिंह कोतवाली पहुंचे। दोनों पक्षों को आश्वस्त किया कि जिसने गलत किया है, उसे सजा मिलेगी। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। माहौल खराब न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने पंचायत घर में लोगों से सौहार्द से रहने की अपील की।
चैरोली निवासी बॉबी नाम के युवक ने फेसबुक पर एक जाति विशेष की महिलाओं के लिए अभद्र पोस्ट डाली थी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग रविवार को आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर घरों पर हमला और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। आठ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई जारी है।
रणविजय सिंह, एसपी देहात, गौतम बुद्ध नगर