इस बार चुनाव में वोटिंग के आंकड़ों के बारे में आपको परेशान होने की जरूरत बिल्कुल नहीं है। चुनाव में शुरू किए जा रहे एसएमएस मॉनिटरिंग सिस्टम (एसएमएस) को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है।
गुड़गांव के चार विधानसभा क्षेत्र में 44 पोलिंग बूथ को एसएमएस मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ा गया है। इससे मतदान वाले दिन प्रत्येक दो घंटे बाद मैसेज के जरिए हरियाणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर मतदाताओं को ऑनलाइन वोटिंग की जानकारी मिलती रहेगी।
इसके लिए जिला स्तर पर पूरा खाका तैयार किया गया है। सिस्टम के जिला समन्वयक आरके मेहता के अनुसार, चुनाव के दिन पहले दो घंटे मॉक पोल कराया जाएगा। इस दौरान एसएमएस मॉनिटरिंग सिस्टम को शुरू कर दिया जाएगा। पोलिंग बूथ पर लाइन में खड़े मतदाताओं की संख्या को भी इस सिस्टम के जरिए अपलोड किया जा सकेगा।
ऐसे काम करेगा सिस्टम
एसएमएस मॉनिटरिंग सिस्टम में प्रत्येक बूथ सुपरवाइजर के मोबाइल नंबर को हरियाणा चुनाव आयोग की वेबसाइट से पंजीकृत किया गया है। सुपरवाइजर को 12 संदेश भेजने की अनुमति दी गई है। मतदान से एक दिन पहले पोलिंग पार्टी के आने का संदेश किया जाएगा। इसके बाद वोटिंग वाले दिन इसी क्रम में प्रत्येक दो-दो घंटे से मतदान प्रतिशत का संदेश वेबसाइट को प्रेषित करना होगा। यह वेबसाइट पर फ्लैश किया जाएगा।