गाजियाबाद में पीएम नरेंद्र ने रोड शो किया। पीएम मोदी के साथ खुले वाहन में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, गाजियाबाद के भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग, सांसद वीके सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे। टिकट कटने के बाद सांसद वीके सिंह पहली बार भाजपा के किसी कार्यक्रम में शामिल हुए।
टिकट कटने के बाद सांसद वीके सिंह पहली बार भाजपा के किसी कार्यक्रम में शामिल हुए। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान खुली गाड़ी में उनके पीछे खड़े दिखाई दिए। अब चर्चा यह है कि लोकसभा चुनाव में वीके सिंह के साथ-साथ क्षत्रियों की नाराजगी दूर हो पाएगी या नहीं।
विज्ञापन
लगातार दो बार के सांसद वीके सिंह को तीसरी बार भी टिकट मिलने की पूरी उम्मीद थी। 24 मार्च होली के दिन तक वह आश्वस्त थे और होली मिलन समारोह आयोजित किया। भाजपा ने प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी की तो इसमें उनका नाम नहीं था, उनके स्थान पर पार्टी ने शहर विधायक अतुल गर्ग को प्रत्याशी बनाया है। तभी से वीके सिंह ने गाजियाबाद से दूरियां बना ली थीं। भाजपा की ओर से 27 मार्च को आयोजित किए प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे थे, लेकिन वीके सिंह नहीं पहुंचे। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ कि मुख्यमंत्री गाजियाबाद में आए और स्थानीय सांसद उनके साथ नहीं रहे।
वीके सिंह का टिकट कटने के बाद क्षत्रिय समाज के लोगों ने प्रेसवार्ता कर नाराजगी जता दी थी। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग के नामांकन के दिन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गाजियाबाद में जनसभा की, लेकिन वीके सिंह न तो जनसभा और न ही नामांकन में शामिल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में वह शामिल होने पहुंचे और संदेश दिया कि उनके मन में कोई नाराजगी नहीं है। हालांकि नाराजगी पूरी तरह दूर हुई या नहीं, आगामी कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी या गैरमौजूदगी से तय होगा।