दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब है। कई इलाकों मे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच गया। राजधानी में हवा की सेहत बिगड़ रही है। केंद्र व दिल्ली सरकार की सख्ती के बावजूद वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। ऐसे में लोग दूषित हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। उधर, दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण विस्तारा एयरलाइंस की दो फ्लाइट डायवर्ट की गई हैं।
नवंबर में 26 दिन रहा सांसों पर संकट
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में इस साल नवंबर माह में वर्ष 2022 की तुलना में गंभीर श्रेणी में हवा के दिन तीन गुना बढ़े हैं। यही नहीं बेहद खराब श्रेणी के दिन भी बढ़ गए हैं। 26 दिन सांसों पर संकट रहा। वहीं, चार दिन हवा खराब श्रेणी में रही। इस साल नवंबर माह एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब हवा सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई हो। हालांकि, खराब श्रेणी हवा के दिन में कमी देखने को मिली है।