नई दिल्ली इलाके में बृहस्पतिवार को वीवीआईपी लोगों का मूवमेंट रहेगा। चीन के राष्ट्रपति समेत अन्य वीवीआईपी मूवमेंट के चलते सरदार पटेल मार्ग आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इसके चलते सरदार पटेल मार्ग, धौलाकुआं और अशोका रोड पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
दिल्ली पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे 18 सितंबर को नई दिल्ली इलाके में आने से बचें और ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन सेवा, मेट्रो आदि का प्रयोग करें।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) अनिल शुक्ला का कहना है कि जिन लोगों को गुड़गांव व द्वारका से एनएच-8 होकर नई दिल्ली जाना है, वे रावतुला राव मार्ग, मोतीबाग क्रॉसिंग और शांतिपथ होकर नई दिल्ली जिले में जा सकते हैं।
नई दिल्ली से रिंग रोड जाने वाले लोग सनमार्टिन मार्ग होकर और नई दिल्ली से एनएच-8 जाने वाले लोग अपर रिज रोड होकर जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अबई मार्ग, मानस मार्ग और बाटले हॉनर्स मेस मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेंगे। केवल वहां रहने वाले लोगों के वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति होगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त का कहना है कि रूट पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। ये लोगों को मार्गों व ट्रैफिक डायवर्जन के बारे में बताएंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे धौलाकुआं, सरदार पटेल मार्ग और अशोक रोड पर आने से बचें।