सूरजकुंड मेले के बाद अब जिले में विटेंज कारों का मेला लगेगा। इसमें आजादी से पहले की पुरानी कारें शामिल होंगी। विटेंज कार मेले का आयोजन दो मार्च को भूपानी स्थित विद्या संस्कार स्कूल में होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस आयुक्त एएस चावला उपस्थित रहेंगे।
रैली में 80 कारें शामिल होंगी, जो दो मार्च को कनॉट प्लेस से सुबह नौ बजे रवाना होंगी और दोपहर 12 बजे तक भूपानी के विद्या संस्कार स्कूल पहुंचेंगी।
रैली के आयोजक अमरजीत सिंह ने बताया कि रैली में 1914 की कार जॉन मैरिस भी शामिल होगी। 1920 की वैलीस जीप भी लोगों को मेले में दिखाई देगी।
इस जीप के मालिक फरीदाबाद के ही दीपक कपूर हैं। इसके अलावा 1921 की रॉल वाइफ, 1922 की आस्टीन और 1939 की सिंगर कार लोगों को दिखाई देंगी।
उन्होंने बताया कि आधुनिक कारों में चलने वाले युवा शायद ही इन पुरानी कारों के बारे में जानकारी रखते हों, लेकिन इस मेले में युवाओं को पुरानी कारों के बारे में भरपूर जानकारी उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि मेले में दलजीत टाइटंस भी शामिल होंगे। दलजीत 100 गाड़ियों के मालिक हैं। इनके कलेक्शन में 50 साल पुरानी कारें भी हैं, जोकि इस मेले में शामिल की जाएंगी।