आंधी के बाद शुरू हुई बिजली की आफत सोमवार से और बढ़ जाएगी। नोएडा से मिलने वाली सौ मेगावाट बिजली में से अब आधी ही मिलेगी। ऐसे में टीएचए छह और विजयनगर को दो घंटे की औसत सप्लाई ही मिल पाएगी।
शुक्रवार को आई आंधी के बाद जिले की बिजली सप्लाई गड़बड़ा गई थी। इसके बाद सबसे ज्यादा परेशानी टीएचए और विजयनगर क्षेत्र को झेलनी पड़ रही है।
शनिवार-रविवार को भयंकर गर्मी में विजयनगर क्षेत्र को चार घंटे और टीएचए को 12 घंटे ही आपूर्ति मिल पाई थी। इस क्षेत्रों को 300 मेगावाट बिजली की जरूरत रोजाना होती है। जबकि अब मात्र सौ मेगावाट बिजली नोएडा से मिल रही थी। इससे ही जैसे-तैसे काम चल पा रहा था।
कारपोरेशन के अनुसार शनिवार-रविवार को नोएडा की इंटस्ट्रीज बंद रहती है। ऐसे में वह सौ मेगावाट बिजली दे पा रहा था। सोमवार से इंटस्ट्रीज में काम शुरू हो जाएगा। ऐसे में नोएडा से बिजली नहीं मिल पाएगी।
नोएडा के अफसरों ने 50 मेगावाट से ज्यादा सप्लाई देने से हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे में इन इलाकों की सप्लाई भी आंधी रह जाएगी। यानि विजयनगर को दो और टीएचए को छह घंटे सप्लाई ही मिल सकेगी।
नोएडा से निराश अफसरों को दिल्ली से आस
नोएडा से बिजली न मिलने से परेशान कारपोरेशन अफसर अब अन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। एसई एमसी शर्मा ने बताया कि एमडी और चेयरमैन को मौजूदा हालात से अवगत करा दिया गया है।
नोएडा के पास भी देने को बिजली नहीं है। ऐसे में दिल्ली से बिजली की मांग की गई है। सोमवार शाम को दिल्ली के बिजली अफसरों के साथ बैठक है। एमडी स्तर की इस बैठक में दिल्ली से बिजली की मांग की जाएगी।
हमारे पास साहिबाबाद से दिल्ली को सप्लाई लाइन तैयार है। यदि दिल्ली से सप्लाई मिल जाती है तो परेशानी कम की जा सकेगी।