पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि उनकी टीम को 27 फरवरी को राजौरी गार्डन की एक आरडब्ल्यूए की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि एक युवक नजफगढ़ रोड, राजौरी गार्डन में खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाकर लोगों के जीवन खतरे में डाल रहा है। पुलिस ने पड़ताल की तो उसको स्टंट की वीडियो भी मिल गई। पता चला कि पीयूष शर्मा नामक युवक इंस्टाग्राम पर रील बनाने के लिए स्टंट करता है। उसके इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वीडियो की पड़ताल करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। वहां पहुंचकर पता चला कि कार किसी भव्य सहगल नामक युवक के नाम पर है।
पुलिस ने उसके पास पहुंचकर कार जब्त कर ली। युवक ने बताया कि उसने कार अपने दोस्त को चलाने के लिए दी थी। अब उसने कार से स्टंट कैसे किया, इसका उसे नहीं पता। फिलहाल पुलिस कार कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। बता दें कि इससे पूर्व भी इसी तरह के वीडियो सामने आते रहे हैं। बताया जाता है कि आरोपी दिल्ली पुलिस अधिकारी का बेटा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस का कोई भी अधिकारी बात करने के लिए तैयार नहीं है। वह बस गाड़ी जब्त करने की बात कह रहे हैं।